केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड सैलाब: 12 दिनों में 3 लाख का आंकड़ा पार

उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के केवल 12 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख के पार पहुंच गई है। यह आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक तेजी से बढ़ा है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 3,08,085 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल यह आंकड़ा 15 दिनों में पार हुआ था, जबकि इस बार महज 12 दिनों में ही यह उपलब्धि हासिल हो गई।

22 अप्रैल को कपाट खुलने के साथ ही यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली थी। पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालु कपाट उद्घाटन के साक्षी बने। इसके बाद लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा में इस बार सबसे अधिक भीड़ केदारनाथ धाम में ही देखी जा रही है।

हवाई सेवा का भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में लाभ उठा रहे हैं। अब तक लगभग 11,300 यात्री हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा और अधिक सुलभ बन रही है।

हालांकि, बीते कुछ दिनों से दोपहर के समय हो रही बारिश के कारण यात्रियों की संख्या में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। शुरुआती दिनों में प्रतिदिन 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे थे, जबकि अब यह संख्या 20 से 25 हजार के बीच बनी हुई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति और प्रशासन ने टोकन सिस्टम लागू किया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें।

भक्तों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है। कठिन मौसम और लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालु पूरे धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *