देहरादून में अचानक बदले मौसम ने शहर में नुकसान की स्थिति पैदा कर दी। तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फायर स्टेशन देहरादून को सुबह करीब 10:00 बजे PFT के जरिए सूचना मिली कि कौलागढ़ स्थित ओएनजीसी कॉलोनी गेट के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट मौके पर पहुंची और वुडन कटर की मदद से पेड़ को काटकर हटाया गया। इसके बाद रास्ते को साफ कर यातायात को सामान्य किया गया।
घटना के दौरान एक कार पेड़ के नीचे दब गई थी, जिसे फायर टीम ने सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इसके कुछ ही समय बाद, सुबह 10:38 बजे RT सेट और टेलीफोन के माध्यम से एक और कॉल प्राप्त हुई। सचिवालय की पार्किंग में भी पेड़ गिरने की सूचना पर फायर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर किनारे किया, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
फायर विभाग की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से शहर में बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचें।
















Leave a Reply