चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए टिहरी पुलिस को बड़ी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुलिस मुख्यालय से 6 बुलेट मोटरसाइकिलें और एक निजी कंपनी के सीएसआर फंड से 5 अतिरिक्त बाइकें टिहरी पुलिस को प्रदान की गई हैं। कुल 11 नए वाहनों को आज मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के भद्राकाली पुलिस चौकी में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर चारधाम यात्रा मार्ग पर रवाना किया गया।
इन सभी वाहनों को विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं के लिए तैयार किया गया है, जिनमें हूटर, माइक सिस्टम और इमरजेंसी लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इन संसाधनों के जुड़ने से अब चारधाम यात्रा मार्ग पर पुलिस की गश्त और त्वरित कार्रवाई क्षमता और अधिक मजबूत हो गई है।
इस मौके पर पुलिस कप्तान श्वेता चौबे ने स्वयं वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने आगे कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि सड़क दुर्घटनाओं, जाम और अन्य आपात स्थितियों में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम भी काफी कम होगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कप्तान ने यात्रा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों की सराहना भी की और उनके समर्पण व मेहनत की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
चारधाम यात्रा मार्ग पर इन नए वाहनों की तैनाती से अब श्रद्धालुओं को और अधिक सुरक्षित, तेज और बेहतर पुलिस सहायता मिलने की उम्मीद है।












Leave a Reply