मसूरी में ट्रैफिक जाम पर सख्ती: सभासद खुद संभाल रहे मोर्चा, माल रोड पर वाहनों की एंट्री नियंत्रित

पर्यटन सीजन के चलते मसूरी में बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका ने सक्रिय कदम उठाए हैं। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अब सभासद खुद मैदान में उतरकर जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के निर्देश पर अधिकारियों, सभासदों और कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वे मिलकर शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाएं। इसी के तहत माल रोड पर निर्धारित समय में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, ताकि पर्यटक बिना किसी परेशानी के घूम सकें।

शहर के विभिन्न मार्गों पर एक-मार्गीय यातायात (वन-वे सिस्टम) लागू किया गया है, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संविदा कर्मियों की तैनाती भी की गई है।

शनिवार और रविवार को मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर पिक्चर पैलेस चौक पर अक्सर लंबा जाम देखने को मिलता है।

इस चुनौती से निपटने के लिए सभासद अमित भट्ट, सचिन गुहेर, गौरव गुप्ता और पर्यटन प्रभारी चंद्र प्रकाश बडोनी ने मौके पर पहुंचकर देर रात तक यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया।

इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और शहर में ट्रैफिक की स्थिति पहले से बेहतर होती दिख रही है। नगर पालिका का यह कदम स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए राहतभरा साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!