बंगाल चुनाव के बाद तेज होंगी उत्तराखंड में सियासी गतिविधियां, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा तय

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार राज्य का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में जुटा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे की तैयारी शुरू हो गई है।

हालांकि, 2 से 3 मई तक प्रस्तावित उनका दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के परिणाम आने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नया दौरा कार्यक्रम तय किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर चुकी है और कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महेंद्र भट्ट के अनुसार, नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को चुनावी दिशा-निर्देश देंगे और संगठन को मजबूती देने के लिए जरूरी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा इस बार चुनावी तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती और इसी कारण शीर्ष नेतृत्व के लगातार दौरे हो रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *