देहरादून में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “दोहरा चरित्र” अपनाने वाली पार्टी करार दिया।
हनी पाठक ने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक मंचों पर महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन जब इसे लागू करने का समय आता है तो उसका रवैया बदल जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में वोटिंग के दौरान कांग्रेस का असली रुख सामने आ गया, जो महिलाओं के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों में स्पष्टता की कमी है। साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ‘आरक्षण हमारे खून में है’ वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए पाठक ने कहा कि कांग्रेस का आरक्षण केवल परिवारवाद तक सीमित दिखाई देता है।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने में कांग्रेस की अनिच्छा उसके राजनीतिक दृष्टिकोण को उजागर करती है। उन्होंने दावा किया कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और आगामी चुनावों में इस रवैये का जवाब जरूर देंगी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, महिला आरक्षण का मुद्दा आने वाले चुनावों में एक बड़ा चुनावी एजेंडा बन सकता है, जिस पर सभी दल अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।














Leave a Reply