जंगली हाथियों के आतंक से मिलेगी राहत, गडूल क्षेत्र में सौर ऊर्जा फेंसिंग का कार्य पूरा

डोईवाला के गडूल क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे के बीच वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। लंबे समय से हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में घुसने की घटनाओं से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।

थानों वन रेंज के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील इलाकों में सौर ऊर्जा से संचालित इलेक्ट्रिक फेंसिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। यह फेंसिंग खास तौर पर उन क्षेत्रों में लगाई गई है, जहां से हाथियों का मूवमेंट ज्यादा देखा जा रहा था।

स्थानीय किसानों के अनुसार, हर साल उनकी फसलें जंगली जानवरों की वजह से बर्बाद हो जाती थीं, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। लेकिन अब इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद नुकसान में कमी आने की संभावना है।

ग्रामीणों ने वन विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उनके लिए बेहद जरूरी थी। उनका मानना है कि फेंसिंग लगने से न केवल फसलें सुरक्षित रहेंगी, बल्कि गांवों में जंगली जानवरों के प्रवेश पर भी प्रभावी रोक लगेगी।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *