देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में शनिवार को पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जिससे लोगों को तुरंत राहत मिली।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी समस्या के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और हर मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आम जनता के प्रति अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने जनसुनवाई को सरकार और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि इससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में भी सुधार आता है।
इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म, टेलीविजन और रेडियो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में लागू नई फिल्म नीति के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस नीति से उत्तराखंड फिल्म निर्माण के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है और स्थानीय युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
वहीं, जन जागरण अभियान समिति के तहत विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने राज्य सरकार की 15 प्रमुख योजनाओं पर आधारित पोस्टर प्रस्तुत किए। छात्राओं ने इन योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता और सामाजिक समझ को बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम में प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
















Leave a Reply