रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सुनहटी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को कथित तौर पर सरसों चोरी के शक में बंधक बनाकर पेड़ से बांधते हुए मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और चर्चाओं का माहौल बन गया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को पेड़ से बांधकर कुछ लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, युवक पर सरसों की बोरी चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद उसे पकड़कर यह कार्रवाई की गई।
घटना के बाद गांव में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे चोरी की घटना के खिलाफ ग्रामीणों की प्रतिक्रिया बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे कानून हाथ में लेने का गंभीर मामला मान रहे हैं।
मामले को लेकर झबरेड़ा थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है और सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।












Leave a Reply