मसूरी में बयानबाजी पर सियासी टकराव, भाजपा ने अनुज गुप्ता पर साधा निशाना

मसूरी: मसूरी में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता द्वारा हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मसूरी विधायक पर की गई टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर पूर्व पालिका अध्यक्ष के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय हैं और हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़े रहते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की बयानबाजी पूरी तरह अनुचित है।

रजत अग्रवाल ने आरोप लगाया कि अनुज गुप्ता के कार्यकाल में नगर पालिका में कई अनियमितताएं सामने आई थीं, जिनकी जांच अब भी लंबित है। उन्होंने कहा कि जिन पर खुद सवाल उठ रहे हैं, उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व पालिका अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल में कांग्रेस के खिलाफ काम किया, जिससे उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं। अग्रवाल ने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसी कौन सी “वाशिंग मशीन” है, जिससे अनुज गुप्ता खुद को बेदाग साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।

मसूरी में बढ़ती राजनीतिक बयानबाजी से आने वाले दिनों में सियासी माहौल और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *