उत्तराखंड में आस्था और श्रद्धा का महापर्व चारधाम यात्रा 2026 औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं, केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। अब तक 19.50 लाख से अधिक यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। विशेष रूप से सड़क मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। यमुनोत्री मार्ग के सुधार कार्य को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं और केंद्र सरकार के सहयोग से इसे जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है।
मंत्री ने यह भी कहा कि चारों धामों में इस बार बेहतर प्रबंधन और सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का फोकस साफ-सफाई, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपात सेवाओं पर भी है।
चारधाम यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए भी अहम मानी जाती है। इस बार सरकार को उम्मीद है कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होंगे।













Leave a Reply