उत्तराखंड कांग्रेस ने वन मंत्री सुबोध उनियाल के बयान को बताया ‘असंवेदनशील

वन मंत्री के बयान पर कांग्रेस का तीखा हमला, उज्ज्वला योजना पर भी उठे सवाल
देहरादून: उत्तराखंड में वन्यजीव हमलों को लेकर दिए गए वन मंत्री सुबोध उनियाल के बयान पर सियासत तेज हो गई है। उत्तराखंड कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने मंत्री के बयान को “असंवेदनशील, बचकाना और हास्यास्पद” करार दिया है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि मंत्री द्वारा वन्यजीव हमलों के लिए महिलाओं के जंगल में लकड़ी लेने जाने को मुख्य कारण बताना न सिर्फ गलत है, बल्कि यह पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनहीनता भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान सरकार की जिम्मेदारी से बचने का प्रयास है।

उज्ज्वला योजना की सफलता पर सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि यह योजना सही तरीके से लागू होती, तो आज भी महिलाओं को चूल्हा जलाने के लिए जंगलों में जाकर अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ती।

उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर योजना की स्थिति कुछ और ही कहानी बयां करती है, जहां कई परिवार अब भी पारंपरिक ईंधन पर निर्भर हैं।

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सरकार को घेरा

डॉ. प्रतिमा सिंह ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि इसे हल्के में लेना या जिम्मेदारी से बचना बेहद निंदनीय है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

2027 चुनाव में जवाब देने की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जनता इस तरह की संवेदनहीनता को नजरअंदाज नहीं करेगी। प्रवक्ता ने कहा कि आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में जनता इसका कड़ा जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!