रामनगर के कोसी नदी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उपखनिज लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और ट्रैक्टर पूरी तरह लपटों में घिर गया।
यह घटना कठियापुल गेट के पास की बताई जा रही है, जहां ट्रैक्टर सामान्य रूप से गुजर रहा था। अचानक आग लगने से चालक और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर अर्जुन कंपनी का बताया जा रहा है, जिसका नंबर 2919 है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रैक्टर पूरी तरह जलने लगा। लपटें और धुआं इतना ज्यादा था कि कोई भी व्यक्ति पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। सभी लोग दूर से ही हालात पर नजर बनाए रहे।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रैक्टर आग के गोले की तरह जल रहा है और आसपास खड़े लोग सुरक्षित दूरी बनाए हुए हैं।
राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।













Leave a Reply