देहरादून में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। देहरादून पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रांतनाथ के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी। मौके से पुलिस ने एक देसी तमंचा, खोखा कारतूस और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UK08TA 9193) बरामद की है।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध हरकत

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने जानकारी दी कि हर्रावाला क्षेत्र में पीली कोठी के पास चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में घूमती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक तेजी से वाहन लेकर हरिद्वार की ओर फरार हो गया।

अलर्ट के बाद घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही सभी चेक पोस्ट को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने बैरियर लगाकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। इसी दौरान कुआंवाला के पास कार अनियंत्रित होकर एक बोर्ड से टकरा गई, जिसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकला।

फायरिंग के बाद काबू में आया आरोपी

पुलिस टीम जब आरोपी के करीब पहुंची तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल, उसके खिलाफ नई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *