देहरादून दौरे से पहले तैयारियों का जायजा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता जैसी जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर दिया और कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने ट्रैफिक मैनेजमेंट को सुव्यवस्थित करने और आपातकालीन सेवाओं को हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसे सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *