रुड़की के पिरान कलियर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जहां प्रशासन और उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग एक साथ नजर आए। शिविर में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
साबरी गेस्ट हाउस में आयोजित इस शिविर की अगुवाई आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने की। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना है।
योजनाओं की जानकारी के लिए लगाए गए विभागीय स्टॉल
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेंशन, खाद्य आपूर्ति, स्वरोजगार और ऋण योजनाओं से जुड़े विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। यहां लोगों को आयुष्मान योजना, महिला सशक्तिकरण, चाइल्ड हेल्पलाइन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मौके पर ही हुआ समस्याओं का समाधान
शिविर में पहुंचे लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। कुल 50 शिकायतों में से लगभग 20 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इन मुद्दों पर उठी आवाज
स्थानीय लोगों ने पेयजल संकट, शौचालय की कमी, राशन कार्ड में दिक्कत, नालियों की सफाई और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाईं।
प्रशासन ने दिलाया भरोसा
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।













Leave a Reply