ऋषिकेश में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के बाद हरियाणा के एक कुख्यात अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान इमरान, निवासी नूंह (मेवात), हरियाणा के रूप में हुई है।
संदिग्ध कार से शुरू हुआ पीछा
जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल की रात ऋषिकेश कोतवाली पुलिस जंगलात बैरियर पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रानीपोखरी की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का संकेत दिया गया।
लेकिन चालक ने रुकने के बजाय कार को मोड़कर तेज रफ्तार में भागना शुरू कर दिया। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कंट्रोल रूम को सूचना दी और पीछा शुरू किया।
मुठभेड़ में फायरिंग, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
काली मंदिर के पास मोड़ पर आरोपी की कार अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और चोरी से जुड़ी अहम बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के पास से:
- 315 बोर का देसी तमंचा
- एक जिंदा कारतूस
- एक खोखा
- फर्जी नंबर प्लेट लगी कार
बरामद की है। जांच में सामने आया कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि असली नंबर प्लेट कार के अंदर छिपाकर रखी गई थी।
पहले भी कर चुका है बड़ी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले भी ऋषिकेश क्षेत्र से एक डंपर चोरी कर चुका है, जिसे अपने साथियों के साथ मिलकर मेवात ले गया था।
इस बार वह फिर से इलाके में चोरी की रेकी करने आया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसकी योजना को नाकाम कर दिया।
पुलिस की मुस्तैदी से अपराध पर लगाम
ऋषिकेश पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में बड़ी वारदात टल गई।














Leave a Reply