ऋषिकेश में 112 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार, नशा तस्करी का खुलासा

उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 112.27 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से 112.27 ग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिव्यांशु उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हरिद्वार रोड स्थित 72 सीढ़ी क्षेत्र में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास मंडी रोपड़, पंजाब है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चरस आस्था पथ पर घूमने वाले मनोज नाम के व्यक्ति से खरीदता था। इसके बाद वह इसे स्थानीय युवाओं और टेंपो चालकों को ऊंचे दामों पर बेचता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही, नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

ऋषिकेश पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *