नीम बीच तपोवन में बड़ा हादसा टला, तेज बहाव में फंसे युवक की बची जान

मुनिकीरेती क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब गंगा में नहाते दौरान एक युवक तेज लहरों की चपेट में आकर डूबने लगा। मौके पर तैनात आपदा राहत दल (SDRF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना नीम बीच तपोवन की है, जहां दिल्ली से घूमने आए पांच दोस्तों का समूह गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान अनंत मिश्रा (निवासी नजफगढ़, नई दिल्ली) का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूबने लगा।

युवक को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद SDRF जवानों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते युवक की जान बचाई जा सकी। घटना के बाद युवक के साथियों और वहां मौजूद पर्यटकों ने SDRF और पुलिस टीम की जमकर सराहना की। परिजनों और दोस्तों ने रेस्क्यू टीम को ‘देवदूत’ तक करार दिया।

पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से अपील की है कि गंगा किनारे सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले या गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *