पिरान कलियर मामला: पहली पत्नी के रहते पति का दूसरा निकाह, पीड़िता ने उठाई कानूनी कार्रवाई की मांग

रूड़की : हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र से एक गंभीर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति पर बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

महिला के अनुसार, वर्ष 2019 में कलियर निवासी एक युवक ने मुस्लिम रीति-रिवाज से उसके साथ निकाह किया था। उसके पास इस निकाह से संबंधित दस्तावेज (निकाहनामा की रसीद) भी मौजूद हैं। निकाह के बाद दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे और उनके एक बेटा भी हुआ।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद उसका पति उसे छोड़कर अलग रहने लगा। इसी दौरान, पति के परिजनों ने उसकी शादी किसी अन्य युवती से करवा दी। महिला का कहना है कि यह निकाह फर्जी तरीके से कराया गया और उसे इसकी जानकारी बाद में मिली।

महिला ने बताया कि जब उसने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, तो ससुराल पक्ष ने उसे बहला-फुसलाकर शिकायत वापस करवा ली। इसके बाद पति ने कुरान की कसम खाकर उसे साथ रखने का वादा किया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी महिला के पास मौजूद है। बावजूद इसके, उसे ससुराल में जगह नहीं दी गई।

अब महिला का कहना है कि उसके पति ने न्यायालय में तलाक का मुकदमा भी दायर कर दिया है। पीड़िता ने प्रदेश में लागू यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) का हवाला देते हुए कहा कि एक व्यक्ति एक ही विवाह कर सकता है, लेकिन उसके पति ने इस कानून का उल्लंघन किया है।

फिलहाल, महिला ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *