देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में घने काले बादलों की वजह से दिन में भी शाम जैसा नजारा देखने को मिला। अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन साथ ही बारिश और गर्जन की संभावना ने चिंता भी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के पर्वतीय जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।
इसके अलावा, राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन की संभावना बनी हुई है।
अलर्ट जारी, सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों को सावधानी बरतने, मौसम अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह बदलता रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
















Leave a Reply