ऋषिकेश: सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में पिछले एक महीने से एंटी-रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हर दिन कुत्ते, बिल्ली और बंदर के काटने के मामले लेकर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन जरूरी इंजेक्शन न मिलने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। कई मरीज मजबूरी में महंगे दामों पर बाजार से इंजेक्शन खरीद रहे हैं, जबकि कुछ लोग इलाज न मिलने से जोखिम उठा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में हर महीने सैकड़ों एंटी-रेबीज इंजेक्शन की जरूरत होती है, लेकिन मार्च से अब तक नई सप्लाई नहीं आई है। इस लापरवाही ने स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रभारी सीएमएस डॉ. आनंद सिंह राणा ने बताया कि विभागीय स्तर पर लगातार संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही इंजेक्शन की आपूर्ति होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि समय पर इलाज मिल सके और किसी की जान खतरे में न पड़े।














Leave a Reply