ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून में पुलिस का एक्शन, फ्लैग मार्च और जुआ खेलते 3 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून के थाना बसंत विहार क्षेत्र में दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सघन अभियान चलाते हुए फ्लैग मार्च किया और अपराधियों व हुड़दंगियों को कड़ा संदेश दिया। इस दौरान आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर सख्त चेतावनी दी गई।

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर पूरे उत्तराखंड में चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान जारी है। इसी क्रम में 4 अप्रैल 2026 को क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में बसंत विहार क्षेत्र के कांवली गांव, सत्तोवाला घाटी और गोविंदगढ़ में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने 5 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। वहीं, मुखबिर की सूचना पर साधु राम इंटर कॉलेज परिसर में छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 3 आरोपियों—अंकित कुमार, टिंकू गुप्ता और अरुण कुमार—को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 52 ताश के पत्ते, फड़ और ₹1300 नकद बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की। किरायेदार सत्यापन न कराने पर 2 मकान मालिकों का पुलिस एक्ट में चालान कर ₹20,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं, संदिग्ध रूप से घूमते पाए गए 5 व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए ₹2500 का जुर्माना किया गया।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। 8 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 1 वाहन सीज किया गया, 2 के न्यायालय चालान किए गए और 5 वाहनों से ₹2500 का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *