नैनीताल: बनभूलपुरा कांड के मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक को हाईकोर्ट से नहीं मिली जमानत, 16 अप्रैल को अगली सुनवाई

सरोवर नगरी नैनीताल से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा के बहुचर्चित कांड में मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक को उत्तराखंड हाईकोर्ट से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अगली तारीख 16 अप्रैल तय की है।

हाईकोर्ट की खंडपीठ, जिसमें न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा और न्यायमूर्ति आलोक महरा शामिल थे, ने मामले की सुनवाई के दौरान कई अहम सवाल उठाए। कोर्ट ने राज्य सरकार और आरोपी पक्ष के वकील से पूछा कि अब्दुल मलिक के खिलाफ दर्ज अन्य सात मुकदमों की वर्तमान स्थिति क्या है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया कि किन मामलों में आरोपी बरी हो चुका है और कितने केस अभी विचाराधीन हैं।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ इस मामले के अलावा सात अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। इनमें से कुछ मामलों में वह बरी हो चुका है, जबकि कुछ मामलों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

इस पर कोर्ट ने सभी मामलों की विस्तृत जानकारी अगली सुनवाई में पेश करने के निर्देश दिए हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में आगे क्या फैसला आता है, इस पर सबकी नजरें 16 अप्रैल की सुनवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *