रुड़की: मंगलौर पुलिस ने एक बार फिर टेक्नोलॉजी के बेहतर इस्तेमाल और अपनी कार्यकुशलता का शानदार उदाहरण पेश किया है। पिछले तीन महीनों में पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए 155 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इनमें से करीब 25 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है, उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए गए। मंगलौर कोतवाली परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह मोबाइल उनके मालिकों को दिए गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि CEIR पोर्टल मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर काम करता है। इस तकनीक के जरिए चोरी या गुम हुए मोबाइल को न सिर्फ ब्लॉक किया जा सकता है, बल्कि उसे ट्रैक कर उसकी लोकेशन भी पता लगाई जा सकती है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस मोबाइल में नया सिम कार्ड डालता है, उसकी जानकारी सिस्टम में दर्ज हो जाती है, जिससे पुलिस को उसे खोजने में आसानी होती है।
इस दौरान कई ऐसे लोग भी मौजूद थे, जिन्हें महीनों बाद उनका खोया मोबाइल वापस मिला। एक व्यक्ति को तो करीब 9 महीने बाद अपना फोन वापस मिला, जिसे पाकर वह भावुक हो गया और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी का मोबाइल या लैपटॉप चोरी या गुम हो जाए, तो तुरंत CEIR पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि समय रहते उसे ट्रैक कर बरामद किया जा सके।














Leave a Reply