कैबिनेट विस्तार के बाद धामी सरकार का बड़ा कदम, 14 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां

देहरादून: कैबिनेट विस्तार के बाद अब उत्तराखंड की धामी सरकार ने संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधते हुए दायित्व बांटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में 14 नेताओं की नियुक्ति की गई। इस संबंध में गृह एवं गोपन विभाग के सचिव शैलेश बगौली द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया।

सरकार के इस फैसले को संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय संतुलन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अलग-अलग जिलों से जुड़े नेताओं को विभिन्न संस्थाओं में जिम्मेदारी देकर सरकार ने व्यापक प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।

देहरादून से कुलदीप बुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में स्थान दिया गया है।

इसके अलावा टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण परिषद, खेम सिंह चौहान को पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद और सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई है। चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में शामिल किया गया है।

अल्मोड़ा के गोविंद सिंह पिलखुवा को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद, देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग और काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष बनाया गया है। चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक वर्मा और भावना मेहरा को भी विभागीय परिषदों में दायित्व सौंपे गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *