देहरादून हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: पुलिस एनकाउंटर के बाद वांछित बदमाश दबोचे

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चर्चित ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजपुर थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि मिलने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपी ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में वांछित चल रहे थे। इससे पहले इस मामले में पुलिस 7 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

गौरतलब है कि यह पूरी घटना 30 मार्च को जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग से जुड़ी है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई थी।

इस मामले पर जानकारी देते हुए एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने बताया कि, “हत्याकांड में शामिल वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सघन चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों की लोकेशन मिलने पर यह कार्रवाई की गई।”

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *