बनखंडी क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गैस सप्लाई वाहन के अंदर ही अवैध रूप से सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
वीडियो में ‘इंडियन गैस’ लिखे वाहन के अंदर एक कर्मचारी बांसुरी के जरिए गैस रिफिलिंग करता नजर आ रहा है। यह प्रक्रिया न सिर्फ नियमों के खिलाफ है, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है। खास बात यह है कि यह सब खुलेआम किया जा रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक स्थानीय व्यक्ति ने इस पूरी गतिविधि को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो बनते देख कर्मचारी ने तुरंत रिफिलिंग रोक दी और उपकरण छिपाने की कोशिश की, लेकिन दूसरी ओर से भी रिकॉर्डिंग हो रही थी, जिससे सच्चाई सामने आ गई।
घटना के बाद लोगों ने आशंका जताई है कि इस तरह की हरकतों से गैस सिलेंडरों में वजन की कमी हो सकती है, जो उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है। सोशल मीडिया पर लोगों ने जिम्मेदार कर्मचारी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
फिलहाल, जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग पर इस मामले में जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।














Leave a Reply