गैस आपूर्ति पर घिरी सरकार, कांग्रेस ने लगाया कालाबाजारी और पक्षपात का आरोप

देहरादून में गैस वितरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड में एलपीजी गैस आपूर्ति में भारी गड़बड़ी और पक्षपात देखने को मिल रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान गोदियाल ने कहा कि कोटद्वार और हरिद्वार समेत कई इलाकों से शिकायतें मिल रही हैं कि गैस वितरण में पारदर्शिता नहीं है। उनका आरोप है कि कुछ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ही चुनिंदा लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कई लोगों को गैस बुकिंग और सब्सिडी के मैसेज मिल रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही। इस स्थिति को उन्होंने “संगठित कालाबाजारी” करार दिया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गैस आपूर्ति को दुरुस्त करें, खासकर पर्यटन सीजन के दौरान होटल व्यवसायियों और स्थानीय लोगों को राहत दी जाए।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी और जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *