देहरादून: बस चालक पर हमला, तनाव के बीच छात्रों का विरोध; पुलिस ने संभाला मोर्चा

देहरादून: राजधानी देहरादून के लैंसडाउन चौक के पास एक बस चालक के साथ हुई मारपीट की घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार, निजी देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय की बस चला रहे ड्राइवर पर कुछ फड़-ठेली संचालकों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद अन्य स्कूल बस चालकों ने विरोध स्वरूप अपनी बसें सड़क पर रोक दीं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बसों में मौजूद छात्र भी सड़कों पर उतर आए और घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की। कुछ समय के लिए इलाके में जाम की स्थिति भी बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सीओ सिटी देहरादून स्वप्निल मुयाल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि कुछ स्थानीय दुकानदारों द्वारा बस चालक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसके सिर पर चोट आई। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घायल चालक गौरव लोधी ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी और बताया कि किस तरह अचानक हुए हमले में वह घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *