पर्यटक बनकर घूम रहा था शातिर डकैत, ऋषिकेश पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

शांति और आध्यात्म के लिए प्रसिद्ध ऋषिकेश अब बाहरी राज्यों के अपराधियों की गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। ताजा मामले में ऋषिकेश पुलिस और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक शातिर डकैत को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

18.5 लाख की डकैती के बाद ऋषिकेश में छिपा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में करीब 18.5 लाख रुपये की डकैती को अंजाम देने के बाद आरोपी योगेश रमेश लहारे फरार हो गया था। वह पिछले कई दिनों से ऋषिकेश में छिपकर रह रहा था और खुद को आम पर्यटक की तरह पेश कर रहा था।

संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तारी

महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की टीम, सहायक पुलिस निरीक्षक भास्कर जाधव के नेतृत्व में ऋषिकेश पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर उन्होंने सटीक सूचना के आधार पर त्रिवेणी घाट स्थित शिव मूर्ति के पास घेराबंदी की।

जैसे ही आरोपी की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उसने भागने की कोशिश की, लेकिन संयुक्त टीम ने चारों ओर से घेरकर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी पकड़ा गया था मोस्ट वांटेड अपराधी

गौरतलब है कि हाल ही में उड़ीसा की जेल से फरार एक कुख्यात अपराधी राजा साहनी को भी इसी इलाके से गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से यह संकेत मिलता है कि बाहरी राज्यों के अपराधी उत्तराखंड को छिपने के ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस का सख्त संदेश

उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस सतर्क है और सूचना मिलते ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *