हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव को लेकर कुमारी शैलजा का बड़ा बयान…..

उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कुमाऊं दौरे पर हैं। बुधवार को हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया, जहां एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हुआ।

कार्यकर्ताओं में जोश, नेताओं की मौजूदगी

इस सम्मेलन में यशपाल आर्य, करण मेहरा, प्रीतम सिंह समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

भाजपा पर साधा निशाना

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता के बजाय केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।

2027 चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 में कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की अपील की और कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

कुमारी शैलजा ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से संगठन को मजबूत किया जा रहा है और पूरे उत्तराखंड में पार्टी अपना जनाधार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

हरीश रावत पर बयान

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के वरिष्ठ और मजबूत नेता हैं और जल्द ही पार्टी के साथ सक्रिय रूप से नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *