उत्तराखंड में जनगणना 2026 का शुभारंभ, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने की स्व-गणना

देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना 2026 के पहले चरण की औपचारिक शुरुआत हो गई है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने देहरादून स्थित लोकभवन से ‘मकान सूचीकरण और मकानों की गणना’ प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खुद ऑनलाइन स्व-गणना कर इस डिजिटल प्रक्रिया की शुरुआत की।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि जनगणना 2027 की दिशा में यह एक अहम कदम है और ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इसमें भाग लें और अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें।

वहीं, गृह मंत्रालय के अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक ईवा श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश के लोग 24 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में नागरिकों को कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे।

उन्होंने आगे बताया कि 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक सामान्य मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे। यदि कोई व्यक्ति स्वयं गणना नहीं करता है, तो प्रगणक उनसे जानकारी लेकर उसे दर्ज करेंगे।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों जैसे चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में यह प्रक्रिया 11 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच संपन्न होगी।

यह देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना मानी जा रही है, जो पारदर्शिता और सुविधा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *