अमरोली गौशाला विवाद: लापरवाही के आरोपों के बीच पुलिस तक पहुंचा मामला

रिपोर्ट: भगवान सिंह

टिहरी गढ़वाल: देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्ति नगर ब्लॉक स्थित ग्राम सभा पेंडुला के अमरोली गांव में संचालित गौशाला इन दिनों गंभीर आरोपों के घेरे में है। गौवंश की खराब हालत और लगातार हो रही मौतों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। मामला बढ़ते-बढ़ते पुलिस चौकी दुगड़ा तक पहुंच गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, पानी और रहने की व्यवस्था नहीं है। देखरेख की कमी के चलते कई गायों की मौत हो चुकी है। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन पर भी दबाव बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 से संचालित इस गौशाला में 50 से अधिक गायें रखी गई हैं। लेकिन चराई के लिए पर्याप्त भूमि न होने के कारण ये पशु आसपास के खेतों में घुसकर फसलें और पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है और वे आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।

स्थानीय निवासी इशा लखेड़ा ने आरोप लगाया कि गौसेवा के नाम पर पशुओं के साथ गंभीर लापरवाही हो रही है। उनका कहना है कि गायों को पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा, कई बीमार हैं और उनके शरीर पर चोट के निशान भी देखे गए हैं। साथ ही, मृत पशुओं के समय पर निस्तारण न होने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर पुलिस चौकी दुगड़ा में शिकायत दर्ज कराई और गौशाला संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मामले की जांच की मांग उठाई है।

दूसरी ओर, गौशाला संचालक कुसुमलता ममगाईं ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता खुद विवादित भूमि पर कब्जा किए हुए हैं और आए दिन झगड़े की स्थिति बनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गौशाला में पांच कर्मचारी तैनात हैं और पशुओं की देखभाल ठीक से की जा रही है।

फिलहाल, यह मामला जांच के दायरे में है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *