चारधाम यात्रा से पहले ऋषिकेश में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। यात्रा मार्गों पर बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम योगेश मेहरा के निर्देशन में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने आज नटराज चौक से श्यामपुर पुलिस चौकी तक सघन कार्रवाई की। इस दौरान सीओ नीरज सेमवाल भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते दिखे।
अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया और कई ठेले-रेहड़ी जब्त किए गए। प्रशासन ने पहले ही लोगों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश का पालन न करने वालों पर सख्ती दिखाई गई।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि चारधाम यात्रा के समय श्यामपुर-नटराज बायपास मार्ग पर भारी यातायात रहता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में सड़क पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कई अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कुछ लोग अपने सामान को बचाने के लिए इधर-उधर हटाते नजर आए। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन जल्द ही रेलवे रोड, देहरादून रोड, घाट रोड और मुखर्जी रोड जैसे व्यस्त इलाकों में भी इसी तरह की कार्रवाई करेगा, जिससे पूरे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।














Leave a Reply